बुधवार, 25 जनवरी 2012

हिंदी तू भारत के माथे की बिंदी ..


कवि निर्देशक की डायरी २२ 
हिंदी तू भारत के माथे की बिंदी ..

डॉ अनुपम 

इण्डिया टुडे के किसी अंक में पढ़ा था, तमिल के एक लेखक कह रहे थे - " काश हिंदी के लेखक थोड़े व्यवसायिक होते ? इतनी बड़ी भाषा, काश ये पाठकों की खेती करना सीख लेते, अपनी लेखनी के बल पर जीना इनका हक है, समझ लेते.  चाहे आप जितनी अच्छी कविताई कर लो, अगर आप एक्टिविस्ट नहीं हैं तो दक्षिण भारत की किसी भी भाषा में आप को कवि/लेखक नहीं स्वीकार किया जाएगा न तो साहित्य में न समाज में. लेकिन हिंदी में इस से उलट है "
 ये तो किसी आलोचक की सराहना मिलते ही अपने क्षेत्र में राजनेताओं की तरह एक्ट करने लगते हैं. ये कबीर की जमीन पर कैक्टस तो नहीं? कबीर तो भोजपुरी भाषा के सहारे पूरी दुनिया में पहुँच गए!
.गुजरती,मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम का लेखक व्यवसयिक है. उसके पास पाठक हैं. हिंदी में लेखक पाठक की उपेक्षा करता है. हिंदी का अग्रिम पाठक बहुत प्रायोजित किस्म का है. लिखो कुछ जियो कुछ, पहले दिल्ली से सेंसर सर्टिफिकेट ले लो की हड़बड़ी ने इतनी बड़ी भाषा को वीरान कर दिया है. हिंदी के ज्यादातर कवि एक्टिविस्ट नहीं हैं. ये बहुत सोफिस्टीकेटेड हैं या बहुत दरिद्र. लेखन दोनों ही स्थितियों में इनकी आजीविका नहीं है. एक का करियर है तो दुसरे का स्वाभिमान. पहले को पाठक की जरूरत नहीं, उसे प्रकाशन की जरूरत है और दूसरा प्रकाशित होकर ही प्रफ्फुल्लित हो जाता है. 
हिंदी के लेखकों को एकजुट होना चाहिये और प्रकाशन, वितरण, अनुसन्धान और विविध विषयों में पुस्तकों के बाजार में व्यावसायिक पैठ बनाना चाहिए. उन्हें एक्टिविस्ट होना चाहिए, अपनी कविता की जिंदगानी के लिए और अपने हक के लिए

शुक्रवार, 20 जनवरी 2012

मूर्ख-भक्षक की पीड़ा


 
डॉ. अनुपम 

बहुत तकलीफ हो गई है. सूचना क्रांति ने मेरा जीना मुश्किल कर दिया है. मुझे कई कई दिन भूखा रहना पड़ता है. मुझे मूर्ख नहीं मिलते. मूर्ख सूचनाओं के पीछे छुप जाते हैं. वे शेरो, शाइरी, राजनितिक खबरें, फिल्म, साहित्य से लैस हो कर निकलते हैं . मै जबतक समझूँ की ये मूर्ख है, तबतक वह मुझे मूर्ख भक्षक जानकर सूचना के जंगल में भाग छुपा होता है. सामान्यतया हर मूर्ख अपने आप को ढंकना जानता है. 
मुझे भूखा रहना पड़ रहा है. दिखें तो सूचना दीजियेगा...

बुधवार, 18 जनवरी 2012

मित्र मंडली से मशवरा -



बहुत सुंदर रचना है तो मै इसे अपने मित्रों को कहाँ सुनाऊं, ब्लॉग या फेसबुक से बेहतर क्या होगा..

डॉ. अनुपम 
..
हर सम्बन्ध का स्थाई भाव है मैत्री. मैत्री में निर्भयता है निर्भरता नहीं. प्रेम है 'ब्योपार' नहीं इसलिए गंभीरता से मै कुछ मशवरा करना चाहता हूँ. मुझे कुछ लेखकों ने चेताया की वे अपनी रचनाएँ प्रकाशन के लिए भेजने के बाद ही कभी कभार फेसबुक पर पोस्ट करते हैं. यानि फेसबुक को वे एक सोशल नेट्वोर्किंग मीडिया न मानकर एक फीलर या प्रचार माध्यम मानते हैं. वे चोरी के विषय में भी चेता रहे थे. हिंदी के लेखक तकनिकी विषयों में अरुचि के भी शिकार होते हैं .
लेकिन मैंने फेसबुक और ब्लॉगिंग को बहुत गंभीर माध्यम के रूप में अपनाया है. मै अपने परिहास में भी स्तरीय हूँ. अक्सर चोरों को ही चोरी के विरुद्ध बोलते सुना है. जानकारी के लिए बता दूँ कि  फेसबुक या ब्लॉग पर आपकी रचना प्रकाशित होते ही वह स्वतः उस तारीख और समय में दर्ज हो जाती है, रजिस्टर्ड हो जाती है. 
कवितायें, रचनाएँ या विचारों को खुलकर शेयर करिए . दूर, सुदूर संवाद, सहयोग, सम्बन्ध और ब्यापार के इस महा वरदान का जमकर लाभ उठाइए.
किताब छपे, पत्रिकाओं में कवितायें छापें, अखबारों में साहित्य को जगह मिले और ब्लॉग , टीवी , फेसबुक पर भी गंभीर साहित्य छपे, गोष्ठियां हो, सेमीनार हो.
 'ब्योपरियों' ने भी रंगदार चोले पहन लिए हैं तो क्या कहते हैं आप? 

 




एक ताज़ा रचना


एक ताज़ा रचना 
                                                अनुपम 
नटवर तेरी गैया 
खा गई मेरा गल्ला .

आधा ले गया लल्ला 
बाकी ले गया दल्ला 
जो कुछ बचा खुचा था 
सो कुछ यहीं रखा था .

उसमे कुछ उसका था
उसमे कुछ अपना था 
अपनेमे सपना था 
सपने में था सैंया .

कबसे ही उखड़ा है
 दरवाजे का पल्ला 
एक नहीं कपड़ा है 
सात बरस का लल्ला,

सुनलो जसुमति मैया 
सुन लो नटवर लल्ला 
सब खा गई तेरी गैया 
क्या खाए मेरा लल्ला .

नटवर तेरी गैया 
खा गई मेरा गल्ला .
.......................................
एक ताज़ा विचार - अगर आपको लगे कि आप किसी को प्रेम कर रहे हैं या आपको कोई प्रेम कर रहा है तो पूछ लीजिये, कह लीजिये. अगर हाँ तो हाँ, न तो ना . मित्रता बची रहेगी. यही स्वाभाविक है भावो को स्पष्ट कर लेना. भावों को दबा देना ठीक नहीं. शुभ दिन.

बुधवार, 11 जनवरी 2012

प्रेम का मार्ग .. घनानंद



मै घनानंद से सहमत हूँ. प्रेम में चालाकी नहीं चलती. यानि चालाक लोग और चाहे जो करते हों, उन्हें प्रेम का स्वाद नहीं मिलता है.
 -
तहं साँची चले तजि आपुन पौ 
झाझके कपटी जे निसांक नहीं.

प्रेम के पथ में सिर्फ सच्चे लोग ही अपने अहं का त्याग कर चल पाते हैं. वह कपटी, धूर्त झिझकता है जिसका मन साफ़ नहीं होता.


अति सूधो सनेह को मारग है
जहाँ नैकु सयानप बांक नहीं.
तहं साँची चले तजि आपुन पौ
झाझके कपटी जे निसांक नहीं.
तुम कौन सी पाटी पढ़े हो लला
मन लेहु पै देहूं छटांक नहीं.
घन आनंद प्यारे सुजान सुनो
इत एक से दूसरो बांक नहीं.

अति सूधो सनेह को मारग है,  स्नेह का मार्ग सीधा है.
 घनानंद कहते हैं कि अत्यधिक चतुराई, चालाकी स्नेह को मार देती है. यहाँ तनिक भी सयानेपन कि नहीं चलती. सुजान, तुम प्रेम के किस स्कूल में पढ़ी हो कि मेरा मन ले लिया या मनो मन, सारा मन ले लिया और एक छटांक भी वापस नहीं करती हो. मेरी प्यारी सुजान सुनो, यहाँ, मेरे दिल में एक तुम्हारे सिवा किसी के लिए जगह नहीं है. 

मंगलवार, 10 जनवरी 2012

अबोला न समझना..


अबोला न समझना..

सुनो मेरे प्यार !
अपने हर अनुभव को मै अल्फाज नहीं दूंगा .

मै तुम्हारे पास बैठूँगा और ये
कायनात हमारी होगी
बिना कहे भी तो सारे अर्थ अभिभूत कर जाते हैं
शब्दों का साधक मै
मेरा वादा है कि मै अपने सभी अनुभवों को शब्द
नहीं दूंगा क्योंकि
जब भी हमारे बीच शब्द आते हैं:
सिर्फ शब्द रह जाते हैं,
हम नहीं .

 हर पल
मुझे तुम्हारी पूरी मौजूदगी चाहिए
इसीलिए....

अनुपम
( 10-1-2012,Bombay,)

शुक्रवार, 6 जनवरी 2012

आइये कविता के उद्देश्य पर गंभीर हुआ जाए


अगर सच की रखवाली नहीं करनी हो तो मै कविता क्यों लिखूंगा? मै तो सच ही लिखूंगा. इतिहास गवाह है कि कविता में सच ही बचता है.
डॉ. अनुपम 

मांग के खईबो, मसीत में सोइबो 
काहू की बेटी से बेटा न ब्याहन.....
                    ( 'कवितावली'  )  
"मांग कर खाऊंगा, मस्जिद में सो लूँगा, किसी ब्रह्मण की बेटी से मुझे अपने बेटे की शादी नहीं करनी है, इसलिए जो लिखता हूँ, जिस भाषा में लिखता हूँ, वही और वैसे ही लिखूंगा. मै इन ब्राह्मणों ( ब्रह्म को जानने का दावा करने वालों , खेमेबाज विद्वानों ) के बताये रास्ते पर नहीं चलूँगा."?
तुलसीदास ने किस मनोदशा में ये बातें लिखी हैं ?
तुलसीदास की इस मनोदशा पर विचार किया जाये. ( इस पद को प्रकाशित करने के लिए मै कवितावली खोज रहा हूँ. किसी और मिल जाये तो प्रकाशित करें.)
आइये कविता के उद्देश्य पर गंभीर हुआ जाए.