गुरुवार, 9 जून 2011

महान मकबूल फ़िदा हुसैन को मेरी श्रद्द्धान्जली ! मेरा नमन !

महान मकबूल फ़िदा हुसैन को मेरी श्रद्द्धान्जली ! मेरा नमन !

हुसैन साहब नहीं रहे . कुछ लिखना चाहिए!
 क्या लिखूं ?
 श्रधांजलि दूँ  ?
 शोक मनाऊं ?
 अपनी उम्र के आखिरी दशक में वे अपने देश, अपनी माटी में लौटना चाहते थे. वे मर गए या उन्हें मार दिया गया ? इसकी सुनवाई किस कोर्ट में होगी ?
 मक़बूल फ़िदा हुसैन जैसा चोटी का कलाकार, जिसने विश्व कला के आकाश पर भारत का सर सबसे ऊपर उठा दिया ! जो भारत के लिए जिया और भारत के लिए, अपने वतन के लिए तड़प कर मर गया.

वे मर गए या उन्हें मारा गया?
कुछ चवन्नी छाप अपराधियों ने उनके चित्रों के मूल्यांकन का आत्मविश्वास कहाँ से पाया ? इसकी जाँच किस न्यायलय में होगी ?
 भारतीय कला का मर्म समझने के लिए सिर्फ देवी देवताओं के प्रति अंधी श्रद्धा ही काफी है?
 फिर विश्व विद्यालयों में प्राचीन इतिहास और कला के इतने बड़े बड़े डिपार्टमेंट किस लिए खोल रक्खे गए हैं ? 

मंदिरों के बाहर की दीवारों पर असीम श्रद्धा से उकेरे गए सभी देवी देवताओं के काम चित्रों को जिसने भी ध्यान से देखा है, वही मंदिर में धुले मन से जा सकता है और भारत के मकबूल फ़िदा हुसैन ऐसे ही थे. सभी चीजों का मर्म जानते थे. सीता पर सिरीज बनाते हुए उनके लिए सारी दुनिया ही निर्दोष हो गई ! उन्होंने हमेशा के लिए चप्पलें उतार दीं ! और अजीब बात है कि सीता पर सिरीज भी उन्होंने लन्दन में ही बनाया था. और लन्दन में ही उन्होंने अंतिम साँस ली !

 किसी कुशल बाजीगर कि तरह जिन्दगी की डोर पर सधे पाँव खड़े  हमारे हुसैन साहब को एक जाति ने दूसरी जाति की तरफ धक्का मारा  और वह भी उनके चौथेपन में. चालीस साल के हुसैन से टकरा के देखा होता तो पता चलता की हुसैन का मतलब क्या होता है. और उस उम्र में भी वे जवाब दे सकते थे. लेकिन समय के मूल्य को समझते हुए उन्होंने अपना  काम जारी रखना जरूरी समझा इन लफंगों को जवाब देने की जगह !


 सरस्वती पर बनाये जिस चित्र का मूल्यांकन करने जो लोग गए थे क्या वे सरस्वती के हुसैन से बड़े बेटे थे ? वे किस कला में पारंगत थे? वे कलाकार थे या कला समीक्षक ? क्या किसी भी प्राचीन इतिहास और  कला के पारखी से ऐसी बेहूदा हरक़त की उम्मीद की जा सकती है की गैलरी तोड़ दे ?

 हुसैन से ज्यादा जमीनी होने का दावा  सिर्फ जातिगत आधार पर करने की गुंडागर्दी करने वाला सिस्टम आज बदरंग हो गया है.  यह बदरंग हमने किया है जबकि मकबूल फ़िदा हुसैन ने जबसे  ब्रश उठाया है अपने देश को असंख्य रंगों में रंगा है. हम बदकिस्मत हैं  कि कला के अनोखे व्यक्तित्व को, सरस्वती के सच्चे साधक को, अपने एक विशिष्ट 'युवा - बुजुर्ग' को भ्रष्ट व्यवस्था के हवाले छोड़ दिया. सरस्वती तो उनकी  तूलिका में ही  रहती थीं. 
मुझे लगता है कि उनसे व्यक्तिगत विद्वेष का हिसाब किया गया. हर राम के साथ एक रावण तो होता ही है. हर कहानी में एक खलनायक तो होता ही है. महान मकबूल फ़िदा हुसैन को अपने जीवन के अंतिम दशक में अपना देश छोड़ने, क़तर कि नागरिकता लेने, लन्दन में अपने देश , अपने रंग, अपने सब्जेक्ट के लिए घुटकर मरने के लिए मजबूर करने वाला वह महान खलनायक समाज तंत्र, राजनीति, व्यवस्था और हम सब दोषी है. 
अगर वे अपने देश लौट आते तो कम  से कम  १२० साल की उम्र जीते ! वैसे तो उनकी उम्र का क्या हिसाब ! वे अमर हैं ! 
मेरी श्रद्द्धान्जली ! मेरा नमन !

मंगलवार, 24 मई 2011

एक अधूरा गीत ..


एक अधूरा गीत ..
मै जिए जा रहा हूँ अलग किस्म की तरह
देखा ही नहीं तुमको कभी जिस्म की तरह. 

तौला ही नहीं तुझको कभी मोल की तरह
दिल में सम्हाल रक्खा है अनमोल की तरह 
परखा ही नहीं तुमको कभी वक़्त की तरह
महसूस किया है हमेशा रक्त की तरह.

मै जिए जा रहा हूँ अलग किस्म की तरह..

सोमवार, 16 मई 2011

कलाकार की आत्मा


कलाकार की आत्मा 
अनुपम 
सोचता था एक और जन्म लूं 
क्योंकि यह तो खुद को समझाने में निकल गया 
जब नजर खुली
 दिन ढल गया;

सोचा फिर खुले दिमाग से -
नजर तो खुली ,
जो अगले जनम में वो अभी क्यों नहीं ?
और यों हमने
 ढलते दिन को थाम लिया!

चालीस तक
खिलाड़ी और सैनिक की उम्र 
समाप्त हो जाती है 

पैतीस से चालीस के बीच पक्का होता है 
एक कलाकार.

गुरुवार, 5 मई 2011

लेखक नहीं है का विधवा विलाप

लेखक नहीं है का विधवा विलाप छोड़कर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री  को  लेखक को पहचानना सीखना चाहिए. लेखक शब्द को इज्जत देना सीखना चाहिए. गोविन्द निहलानी कहते हैं कि 'मेरे लिए लेखक सर्वाधिक महत्वपूर्ण है' और वे लेखक तक खुद चलकर जाते हैं.
 लेखक तक जाने के लिए लेखक को जानना होगा. जानने के लिए पढना होगा.पढने के लिए कम से कम  हिंदी पढना सीखना होगा.
 आमिर खान हिदी में ही हिंदी फिल्म की पटकथा पढ़ते हैं. कुछ वर्ष पहले ही उन्होंने सीखा है और अब अधिकार रखते हैं.
लेखक को पटकथा लेखक में बदलने में एक थोडा सा सहयोग गुलज़ार और कमलेश्वर जैसे टैलेंट देता है.

फिल्म इंडस्ट्री को लेखको को  पटकथा लेखक में बदलने की फैक्ट्री डालनी चाहिए.
 क्या कहते हैं आप?

सोमवार, 2 मई 2011

Bhojpur ई ह भोजपुर

ई ह भोजपुर के धनहा पवन बबुआ! दम भरी ल करेजा जुडा जाई
माटी के गमक से गमक जइबा ! जिन्दगी के हकीक़त बुझा जाई .

कतहूँ छाती भिडावेला पाहिले
 शान पट्टी देखावेला पहिले
ई उमड़ल जवानी के तूफ़ान ह आपन अंचरा सम्हार उधिया जाई.

अस्सी बरीस के तमकल जवानी 
बीर कुअंर सिंह भोजपुरिहा के कहानी 
ई फिरंगियन के पानी पिअवलस ई उ न ह जे चुहानी लुका जाई.

ई ह लोरिक भीखारी के धरती 
एकरा नस नस में रस कस दरदिया 
ई ह पौरूस आ प्रेम के कहानी तनिका छुअब त तार झान्ह्जना जाई.

प्रभु राम एइजा ज्ञान लेबे अइले 
विश्वामित्र जी के चेला कहइले 
विस्मिल्लाह के सुन के शहनाई तोहर तन मन के भेद बिसरा जाई.

इ तपस्या के धरती ह बबुआ 
तपसी चरनन से कन कन सनाइल 
आग चन्दन इ दुनो उगावे तनिका कोडब त पानी भेंटा जाई.


काहे लहकत बा खेतवा बधरवा 
काहें मइल बा माई के अंचरवा 
अपना मन के अंजोरिया जगाव भोरहरिये अन्हरिया ओऱा जाई.

गुरु श्याम जी के मान कहनवा
आपन मनवा सम्हार ए धनवा 
अपना धरती के नेह से निहार तोहर कोठिला कोठार जगमगा जाई.

मंगलवार, 26 अप्रैल 2011

cinema is not an entertainment

I am totally agree with Tarkovaski that cinema is not for entertainment. In his words -''I am clearly against with the concept of entertainment in cinema. Its shameful for both audience and the creator!'

रूस के महान फ़िल्मकार तारकोवस्की कहते हैं  कि "मै स्पष्टतया सिनेमा में मनोरंजन के खिलाफ हूँ . वह सर्जक के लिए भी और दर्शक के लिए भी सामान रूप से निंदनीय है."

मै तारकोवस्की  से पूर्णतया सहमत हूँ . 

आपका क्या कहना है????

सोमवार, 25 अप्रैल 2011

गजानन माधव मुक्तिबोध और सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय

मै  कवि  हूँ 
द्रष्टा  
उन्मेष्टा
मै सच लिखता हूँ 
लिख लिख कर सच झूठा  करता जाता हूँ 

तू काव्य 
सदा वेष्टित यथार्थ 
तू चिर नूतन 
तू छलता है 
पर हर छल में 
तू और अनूठा होता जाता है .

अज्ञेय की कविता "ओ निः संग ममेतर से",  याद से उकेर रहा हूँ, गलत भी हो सकता हूँ . इन पंक्तियों को वर्षों मंत्र की तरह दोहराया है. सच्चिदानंद हीरानंद  वात्स्यायन अज्ञेय  से मैंने करूणा और प्रेम का स्वर  सीखा है. पता नहीं कितना क्या सीखा है मगर खूब गाया है और मुक्तिबोध से सीखा है सत्य और अनुसन्धान, वस्तुतः  मुक्तिबोध को जपा है !

दुनिया न कचरे का ढेर कि जिसपर
 दानों को चुगने चढ़ा
 कोई भी कुक्कुट
 कोई भी मुर्गा
 बाँग दे उठे जोरदार
 बन जाये मसीहा ! 

मुक्तिबोध की कविता "अँधेरे में"  से .

गजानन माधव मुक्तिबोध और  सच्चिदानंद हीरानंद  वात्स्यायन अज्ञेय इन दो महा कवियों ने अपने नाम के अनुकूल ही प्रदीर्घ साहित्य सृजन किया और हिन्दी भाषा को विश्व स्तर  की भाषा बना दिया.  आज कृतज्ञता  वश दोनों महान सर्जकों को नमन! 

डॉक्टर  अनुपम ओझा