शनिवार, 12 नवंबर 2011

यों ही याद आ गई डॉ. देव की ये नज्म -


यों ही याद आ गई डॉ. देव की ये नज्म - 

जिन्हें जमीन में फ़न बोने हैं 
उनको अश्कों से हाथ धोने हैं.
जिनको उड़ने का चाव होता है
उनके सीने में घाव होता है. 

आसमानों में जिनका घर होगा 
उनको ही टूटने का डर होगा
बसेरा छूट  गया है साथी !
वो बिना शक हरा शजर होगा .

और अब सामने वीराना है
कोई ठहराव न ठिकाना है
चंद पलाश के पत्तों के सहारे तुमको 
अपनी उम्मीद के घर जाना है.

जिन्हें जमीन में फ़न बोने हैं 
उनको अश्कों से हाथ धोने हैं

(डॉ. देव की एक नज्म से साभार )

गुरुवार, 10 नवंबर 2011

चार पंक्तियाँ


चार पंक्तियाँ 
भावनाओं का प्रदर्शन मत करो 
भेड़ियों के बीच भासन मत करो.

रौशनी को थाम लो और वक़्त को 
रणभूमियों में बज्र आसन मत करो .

अनुपम 

बुधवार, 9 नवंबर 2011

2 Gazalen

1
प्यार के नाम पर तुम आओगो
दिल की  बेचैनियाँ बढ़ाओगे .

तुम से पहले भी देखे हैं सनम
तुम भला क्या नया दिखाओगे.

कुछ उठाओगे लेकर जाओगे 
इस तरह दोस्ती निभाओगे.
2

बड़े ख़्वाब थे टूट गए
घर छोटे थे छूट गए.

स्वामी जी घबराए हैं
जबसे भांडे फूट गए.

बुरे यार ही साथ रहे
भले लोग तो रूठ गए. 

अनुपम 

मंगलवार, 8 नवंबर 2011

बहुत सुंदर हो तुम


बहुत सुंदर हो तुम,  मेरी कविताओं से कुछ ज्यादा
मुझे मिलना मत कभी, जीने का एक भ्रम टूट जाएगा .
तुम्हारे न बोलने ने मुझे लिखना सिखा दिया
कुछ न कह के भी तुमने दिखना सिखा दिया.

जरा सा भाव जो तुम देते हो
तो मेरा भाव भी चढ़ जाता है.

तुम मेरे पास जब भी आते हो
रगों में रक्त दौड़ जाता है.

टूट कर बरस रहे है बादल
ऐसे में कौन कहाँ जाता है.

तुम कहीं आसमा से आये हो
ये तेरा हौसिला बताता है.

अनुपम

सोमवार, 7 नवंबर 2011

बुद्ध का घर

अगर मै मिट भी गया तो क्या बुरा है 
मेरे जैसों का यही हश्र होता है.
जबतक जिन्दा है सब वाह कहते है
हमारे मरने पर खूब जश्न होता है.
बड़े आदर्श पाले हो महाशय
इन्ही से आपका घर नष्ट होता है.
अंधेरो को हमेशा ही रौशनी की 
लहर से कष्ट होता है.
दिया अपना बुझा लो, अब दिये से
बुद्ध का घर भ्रष्ट होता है.

अनुपम 

जानदार लोगों की जरूरत होती है शानदार काम करने के लिए.


निर्देशक की डायरी १८ 
जानदार लोगों की जरूरत होती है शानदार काम करने के लिए.  

अनुपम 

कोई एक्टर जब फिल्म लोक में पैर रखता है तो उसे प्रोफेसनल बनाया जाता है और जब कोई स्क्रिप्ट यहाँ लेकर पहुंचता है तो उसे कमर्शियल बनाया जाता है. दोनों का एक ही मतलब है - भ्रष्ट करना. आज तो भ्रष्ट होना जैसे नैतिकता हो गई है. ऐसे में मै अकेला आदमी हूँ जो सिनेमा से कला की उम्मीद कर रहा है. फिल्म इंडस्ट्री भ्रष्ट आचार में लालू के बिहार की स्थिति में है. ऐसे में ढेर सारे नितीश कुमारों की आवश्यकता है. सहयोगी साथी मिले तो फिल्मे भी बनेंगी. वैसे तो यहाँ गली गली कास्टिंग काउच और कमर्शियल वाउच फैले हुए हैं.
अनचाहे समझौते आपकी आत्मा को क्षीण कर देते हैं. सपोज - एक लड़की एक्टर है लेकिन काम पाने के लिए जिस तिस के साथ सो जाये, तो आधी तो वही ख़त्म हो जायेगी.  स्क्रिप्ट के साथ भी ऐसा ही होता है. उसके साथ प्रोड्यूसर सोता है. पैसा उसकी ताक़त है. 
साहेबान, पैसे के जोर से बनने वाले सिनेमा से अलग हटना होगा एक दर्शक के रूप में भी और एक निर्माता के रूप में भी. 
सिर्फ रोजी रोटी से संतुष्ट हो जाने वाले लोगों से यह काम नहीं होगा. जानदार लोगों की जरूरत होती है शानदार काम करने के लिए.  

रविवार, 6 नवंबर 2011

वन्दौ प्रथम दुष्ट के चरना... सबसे पहले दुष्टों के चरणों में प्रणाम है.


निर्देशक की डायरी १७
वन्दौ प्रथम दुष्ट के चरना... सबसे पहले दुष्टों के चरणों में प्रणाम है.  
अनुपम 

चालाकी से धन कमाया जा सकता है ज्ञान नहीं. मूर्ख इसलिए मूर्ख रह जाते हैं क्योंकि  वे स्वीकार नहीं करते कि वे मूर्ख हैं. वे अपनी समझ पर नहीं सवाल उठाते, बल्कि अपनी नासमझी के लिए दूसरे को जिम्मेवार ठहराते हैं. जैसे अगर किसी की कविता, विचार या स्क्रिप्ट उनकी समझ में नहीं आये तो उनके हिसाब से ये उनकी समझ कि कमी का नतीजा नहीं है,  अगर ऐसा ही है तो तोता मैना की कहानियां ही श्रेष्ठ साहित्य है जो सबको समझ में आती हैं. मूर्खों में गजब का आत्मविश्वास होता है. अपनी समझ की कमी पर वे वैसे दाँत दिखा कर हे हे हे करते हैं जैसे इसके लिए दूसरा जिम्मेवार हो.
जीवन भर मूर्खों से मेरा पाला पड़ता रहा और अब भी इनकी आदत नहीं हुई. जब मैंने फिल्म पर पी एच डी ज्वाइन की तो पूरे  हिंदी विभाग ने ठहाका लगाया था. ५ साल बाद जब मेरी थेसिस छप के आई तो उसी विभाग ने दामाद की तरह स्वागत किया.
कल ही एक महा मूर्ख से टकराया. गिड़गिड़ा कर कई महीने तक उसने स्क्रिप्ट माँगा, अपनी गरीबी दिखाता रहा कि मेरे पास इतने ही पैसे हैं और ज्यों ही उसके हाथ में स्क्रिप्ट दे दी, उसकी बुद्धि खुल गई, अब उसे हर बात समझना है लेकिन विद्यार्थी कि तरह नहीं चालाक कि तरह. अब उसे किसी और को डाइरेक्टर लेना है या शायद खुद ही डाइरेक्ट करना चाहता है. लेकिन चालीस साल में अर्जित ज्ञान चालीस मिनट में घोल कर भी नहीं पिलाया जा सकता. बड़ा कोई डाइरेक्टर उसके साथ आएगा नहीं क्योंकि यहाँ सब सबको जानते रहते हैं. हालाँकि मै मूर्खों का एहसानमंद भी हूँ क्योंकि कई बार ये कुछ कर गुजरने के लिए मुझे प्रेरित करते है. तो इतनी ही इनकी सार्थकता है किसी क्रिएटिव माइंड के लिए. बंगला  के महान साहित्यकार विमल मित्र ने कहा था  कि दासुओं ( दुष्टों)  ने मुझे साहित्यकार बनाया. यानि लिखते रहने के लिए प्रेरित किया. तुलसी दास भी सबसे पहले इन्ही कि वंदना करते हैं -- वन्दौ प्रथम दुष्ट के चरना... सबसे पहले दुष्टों के चरणों में प्रणाम है.  
किसी भी आर्ट फिल्ड में लेट एज में पैसों के बल पर घुसने वाले लोग सबसे ज्यादा फजीहत कि स्थिति पैदा करते हैं. फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे लोगों को वन टाइम प्रोड्यूसर कहा जाता है जो फिल्म प्रोड्यूस करने के बहाने फिल्म सीखना चाहते हैं और सिखाने वाले भी मिल ही जाते हैं. ये नॉन कामर्सियल गैर फिल्मी लोग प्रतिभा शाली लोगों के रास्ते में सबसे पहले आते हैं. ज्यादातर इनमे से दलाल होते हैं और एक फिल्म प्रोड्यूस करके अपनी छवि साफ़ करना चाहते हैं. हालाँकि अधिकतर असफल ही होते हैं लेकिन बाज नहीं आते. हम तो डूबेंगे सनम तुमको भी ले डूबेंगे...
मेरा भी सबसे ज्यादा समय ऐसे ही महात्माओं ने ख़राब किया लेकिन अब हमेशा के लिए मैंने इनके लिए दिल दिमाग के दरवाजे बंद कर दिए. किसी भी नए डाइरेक्टर को अपनी पहली फिल्म खुद प्रोड्यूस करना चाहिए या बड़े प्रोडक्शन हाउसेस में अपना प्रोजेक्ट प्रेजेंट करना चाहिए. किसी भी लोभ लालच में फिल्म इंडस्ट्री के हाशिये पर घूमते इन दलालों के चक्कर में नहीं आना चाहिए. मेरा तो बहुत वक़्त ख़राब हुआ लेकिन मेरे अनुभव पढ़कर किसी और का वक़्त बच जाए तो यह आलेख सार्थक होगा.