शुक्रवार, 6 अगस्त 2010

भूमंडलीकरण -( Globalization )

     भूमंडलीकरण
                                                       
    १.
एक जैसी इमारतें
एक जैसे कमरे
एक जैसे चेहरे
एक जैसी भाषा
एक जैसा अंदाजे-बयां

एक जैसी मौत
एक जैसी कब्र

यानि ऊब ही ऊब
बहुत खूब!
२.
भाषा से नफ़रत
शब्द से नफ़रत
शब्द में जीने वाले मन से नफ़रत
मन को रखने वाले तन से नफ़रत

'खांखर"  शब्द को क्यों रख दें आंग्ल में ?
उसे वहां भी क्यों न रहने दें - जहाँ है ?

पंछियों का बदलें भूगोल
बदल दें जलवायु !
सभी पेड़ एक ऊंचाई के
सभी फुल निर्गंध .
३.
हीक भार नरक के बाद
पीक भार स्वर्ग!
कमाल के दाता हो !
४.
चोरों ने तय किया - वे अपना संविधान बनायेंगे,
अपनी सहूलियत के लिए इस संसार में
वे अपना चोर -संसार बनायेंगे
उसकी अपनी नैतिकताएं होंगी
अपने आदर्श ; सबसे बढकर ये कि उसमें
जो नहीं होंगे चोर
उनके लिए भी काफी जगह होगी ....
५.
पहले थोडा गेहू डालो
चक्की चला दो
फिर थोडा कंकड़ डालो
चक्की चला दो
एक झक्कास पैकेट में बंद करो
बाजार में पंहुचा दो .
चक्की चलती रहेगी!
६.
खुश है लोग
लोकल ट्रेन में ठंसे हुये हैं ,
मगर खुश हैं!
पाओं तले रौदे जाने के बावजूद खुश हैं
तीसरी दुनियां के देशों में --
यह बात पसंद नहीं आती बुश को (उस को...)
कि अभी तक लोग खुश हैं...
७.
सवाल ये नहीं है कि पुरुष औरत को देह समझता है
औरत भी यही समझती है
और पुरूषो कि मिलीभगत से चल रहा है कारोबार ;
देह एक प्रोडक्ट -
एक प्रोडक्ट को बेचने के लिए देह --
देह साबुन ,देह तौलिया ,देह चादर ,
देह जूस, देह चॉकलेट, देह पेट्रोल, देह मिसाइल

देह ही देह से भरी है विश्व -बाजार कि फाइल !
८.
वे भविष्य में एक गोली दागेंगे
जिसकी आवाज वर्त्तमान में सुनाई देगी
और लहूलुहान होगा अतीत
फिर हमारे संग्रहालय ,पुस्तकालय  और सभी तरह के आलय
जिसमें हम अपना इतिहास रखते हैं -- जला दिए जायेंगे !
वहां लटका दी जाएँगी उनके नाम कि तख्तियां
हमारे हजारों साल के इतिहास को मेटकर वे अपना दो हजार साल का
इतिहास पढ़ाएंगे ; हमारी अगली पीढ़ियों को
आधुनिक बनायेंगे !
९.
पूरब के दिल में इस तरह एक सन्नाटा
फैल रहा है - जैसे पुराना बड़ा कमरा हो, जिसमें
बरसों से कोई नहीं रह रहा हो !

मंगलवार, 3 अगस्त 2010

व्यवस्था ....(system - 1, 2 )

व्यवस्था .....
               १.
ग्लोब पर चढ़ी  हुई है एक चीटीं
ग्लोब में घुसा हुआ है एक तिलचट्टा
एक झींगुर लिख रहा है नए नक़्शे
पढ़  रही है एक मक्खी ,

गुबरैले चला रहे है चक्की .

चल रही है व्यवस्था !...
          २.
शांत रहो ..अभी व्यस्त है वैज्ञानिक
मानवनाशी बम बनाने में -
 एक सुरक्छित कंडोम तक जो नहीं बना सके !
व्यस्त है प्रधानमंत्री !
सीमा विवाद सुलझाने में .....
सभी व्यस्त है !... तुम अपनी भूखी चीख दबाओ !
दर्द पी जाओ ...
चलने दो व्यवस्था ....

सोमवार, 2 अगस्त 2010

चींटियाँ ....

                                                                          चींटियाँ .....
.चींटियों ने पहले समझा की बचे रहना है पृथ्वी पर तो अपना घर बचाए रहना होगा 
बाबी के ऊपर आदमी ने घर बना लिया तो भी 
घर अपना छोड़ नहीं देना होगा ;
आदमी के जीने में अपना जीना बचाए रखना होगा!

बड़ा से बड़ा जलप्रलय पार किया जा सकता है, अगर 
गुथंगुथा होकर गेंद बन जाया जाये --
 चींटियाँ बुद्धिमान हैं !

इतने से भेजे से कितना सोच लेती हैं ! 


घर से निकल आये थे घर बना लिया
इस शहर को अपना शहर बना लिया .

शनिवार, 31 जुलाई 2010

Baarish Mein....

आ रहे है खेलकर फूटबाल बारिश में
बादलों की उड़ रही गुलाल बारिश में
दिल के तट को छू रही तेरी दुआएं है
तेरे रंग की ओढ़ ली रुमाल बारिश में .

शनिवार, 24 जुलाई 2010

आपाको भी मिल ही गया अपने दिल का रास्ता
या खुदा हर आदमी को नजर मिलनी चाहिए .
पत्तियां हों   या  न  हों, पेंड  आखिर  पेंड  है 
छाँव मिलती है तने को खबर मिलनी चाहिए .
जिस्म का मिलना न मिलना; एक मामूली बात है 
रूह मिलती है,  नजर से;  नजर मिलनी चाहिए.

 अनुपम 

बुधवार, 1 अक्टूबर 2008

दुश्मन दोस्त से
अनुपम
दिल से हँसे यारों जमाना हो गया
मुस्कुराना तो बहाना हो गया ।
हो गया तुमसे मिलन तो ये हुआ
ख़ुद से मिलने का ठिकाना हो गया।
जुस्तजू अब भी जरा सी रह गई
दिल गजल का कारखाना हो गया ।
हो गए तुम बावफा तो यों हुआ
चाँदनी में गुनगुनाना हो गया ।
चलो चलकर नदी लायें दूध की
तीरगी में रोना गाना हो गया ।
देवता अपने पहाडों पर गए
आदमी का ये जमाना हो गया ।
रात भर जिनके ख्यालों में रहे
सुबह से घर आना जन हो गया ।
तुम नही आए तो हमने ये कहा
जख्म गहरा और पुराना हो गया ।
तुमने तो एक फूल भेजा था सनम
मैं जुनूनी था दीवाना हो गया ।